बुजुर्गों के आशीर्वाद से ही जीवन में सफलता मिली-ममता भूपेश

0
1294
ममता भूपेश

रूपाली बोली न्यूज, बूंदी। राजस्थान सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने कहा कि परोपकार व सेवा मानव जीवन का सार है। भूपेश गत दिनों सुदामा सेवा संस्थान की ओर से संचालित वृद्धाश्रम श्आसरा्य में आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थी।
उन्होंने कहा कि सभी वृद्ध हमारे परिवार के हैं, बुजुर्गों के आशीर्वाद से ही जीवन में सफलता मिलती है। पूर्व मंत्री हरिमोहन शर्मा की पहल पर वृद्धाश्रम का निर्माण करवाने की सराहना करते हुए मंत्री भूपेश ने कहा कि जो पुण्य का काम किया है उसे देखकर सभी को प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि यहां की सेवा को देखकर ऐसा लगा कि कई बार मनुष्य जो पूरे जीवन में नहीं सीख पाता वह कुछ क्षणों में सीख जाता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार 36 कौम व हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य करने वाली सरकार है। राज्य सरकार सभी के विकास के लक्ष्य को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। यहां वृद्धाश्रम के संरक्षक पूर्व मंत्री हरिमोहन शर्मा ने कहा कि उनकी धर्मपत्नी ने उन्हें राजनीति के साथ मानव सेवा के लिए प्रेरित किया और उसके बाद जनसहयोग से इस आश्रम का निर्माण किया गया। वृद्धाश्रम में सभी बुर्जुगों को पारिवारिक वातावरण व सभी सुविधाएं मिले इस लक्ष्य के साथ लगातार कार्य किया जा रहा है।