रूपाली बोली न्यूज, लालसोट। गुर्जर गौड ब्राम्हण सेवा समिति के तत्वावधान में गुरुवार को दादू पैलेस खटवा रोड पर समाज के 14 जोड़े हम सफर बने। राम जानकी विवाह के शुभ अवसर पर समाज का द्वितीय नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन किया गया। समारोह में 14 जोड़ों ने एक दूसरे के गले में वरमाला पहनाई। इस दौरान दौसा सहित जयपुर, अलवर, सवाई माधोपुर, करौली, टोंक आदि जिलों से आए हजारों लोगों ने साथ बैठ कर भोजन प्रसादी पाई एवं वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया। दोपहर को संस्कृत महाविद्यालय से बैण्ड बाजों के साथ 14 दूल्हों की सामूहिक बारात धूमधाम से निकाली गई। इसमें युवा व बच्चे नाचते चल रहे थे। बारात की अगवानी के बाद सामूहिक तोरण व वरमाला का कार्यक्रम हुआ। इसके बाद फेरे एवं विदाई की रस्म हुई।
समाज की ओर से नवविवाहित जोड़ों को फ्रीज, कूलर, पलंग, अलमारी, ओवन, कूकर, गैस चूल्हा, घड़ी, पंखा, जेवर, वर-वधु के कपड़े व रसोई के बर्तन इत्यादि दिए गए।
विवाह सम्मेलन में राष्ट्रीय महासभा के अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, प्रेम प्रकाश निमोद, पं. ताराचन्द शास्त्री, सुशील शर्मा दौसा, प्रहलाद हरमाडा ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलनों से दहेज प्रथा जैसी बुराई दूर होती है।
पूर्व मंत्री परसादी लाल मीना, हरिनारायण माठा, अशोक उपाध्याय, अनिल बैनाड़ा, भगवान जोशी, रोहित पंसारी सहित अन्य लोगों ने भी विवाह सम्मेलन को अच्छी परम्परा बताया। समिति के अध्यक्ष महादेव प्रसाद बिनोरी, मंत्री मुरारी लाल देवली, कोषाध्यक्ष रमेश भगवतपुरा, भगवान सहाय सूरतपुरा, पंजीकृत समिति के अध्यक्ष दिनेश मालनिया, मंत्री कपिल देवली, उपाध्यक्ष मोतीलाल श्यामपुरा ने विचार रखे। सम्मेलन में सुनिल संग देवकन्या, मिथलेश संग ज्योति, चिरंजी लाल संग राधा, लोकेश संग प्रियंका, रोहित संग सीमा, ओमप्रकाश संग रैनू, प्रकाश संग मोनिका, अनिल संग किरण, जितेन्द्र संग किरण, नीरज संग भारती, आशीष संग चन्द्रकान्ता, मुकेश संग अंगूरी एवं आयुष संग नीरू के साथ विवाह हुआ।